मौके पर पहुंची पुलिस ने शूरू की पंचनामा की कार्रवाई
रसूलाबाद कानपुर देहात। मिल से अपने घर जा रहे बाइक सवार वृद्ध को पीछे से तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वृद्ध सड़क पर गिर पड़े और पिकअप उन्हें रौंदते हुए निकल गई। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कस्बे के तुलसी नगर निवासी राम सिंह (58) पुत्र विश्राम सिंह कानपुर रोड स्थित एक मिल में प्राइवेट नौकरी करते थे। मिल में वे मुनीम थे। प्रतिदिन की भांति वह दोपहर में खाना खाने के लिए बाइक से बेला रोड स्थित अपने घर जा रहे थे। तभी बेला मार्ग पर गुलपीर शाह बाबा की मजार के सामने पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए उन्हें रौंद दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक का पुत्र सोनू यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात है। वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।











