झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना को मिली रफ्तार, कृषकों ने सहमति से भूमि विक्रय कर विकास को दिया समर्थन

 

ग्राम गोरन की महिला कृषक ने कराया विक्रय पत्र निष्पादित, प्रशासन ने किया सम्मानित

जालौन उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन उत्तर प्रदेश औद्योगिक विकास प्राधिकरण द्वारा बुन्देलखण्ड एक्सप्रेस-वे से प्रारम्भ होने वाली महत्वाकांक्षी झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए प्रभावित कृषकों से सहमति के आधार पर भूमि क्रय की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में बुधवार को जनपद जालौन में परियोजना को महत्वपूर्ण प्रगति मिली, जब ग्राम गोरन निवासी उर्मिला गुप्ता पत्नी रामबाबू गुप्ता ने अपनी भूमि का विक्रय पत्र उपनिबंधक कार्यालय उरई में निष्पादित कराया। उर्मिला गुप्ता द्वारा ग्राम गोरन स्थित गाटा संख्या 114 रकबा 0.3246 हेक्टेयर तथा गाटा संख्या 116 रकबा 0.1081 हेक्टेयर भूमि का विक्रय पत्र विधिवत संपन्न कराया गया। यह पहल प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं जनसहभागिता आधारित भूमि क्रय प्रक्रिया में कृषकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। इस अवसर पर झांसी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) जालौन ने संबंधित कृषक परिवार को सम्मानित करते हुए कहा कि यह परियोजना बुन्देलखण्ड क्षेत्र के विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन और बेहतर यातायात सुविधा के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा कृषकों के हितों का पूरा ध्यान रखते हुए पारदर्शी एवं सहमति आधारित प्रक्रिया अपनाई जा रही है, जिससे किसानों को समयबद्ध लाभ मिल सके। उन्होंने अन्य प्रभावित कृषकों से भी अपील की कि वे विकास की इस महत्वपूर्ण परियोजना में सकारात्मक सहभागिता करें, ताकि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिल सके और जनपद जालौन प्रदेश के विकास मानचित्र पर और अधिक सशक्त रूप से स्थापित हो सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें