रसूलाबाद कानपुर देहात । रसूलाबाद क्षेत्र के डूड़ामहुआ गांव में बैंक ऋण न चुकाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी सरयू नारायण एवं उनके पुत्र प्रमोद द्विवेदी द्वारा वर्ष 2016 में ग्रामीण बैंक रसूलाबाद से 5,76,000 रुपये का ऋण लिया गया था।
सरयू नारायण के निधन के बाद सह-खाताधारक प्रमोद द्विवेदी द्वारा समय पर ऋण का निपटान नहीं किया गया जिसके चलते खाता एनपीए घोषित हो गया। वर्तमान में खाते पर लगभग 7,90,000 रुपये की आरसी बकाया है।
उपजिलाधिकारी शिखा संखवार के निर्देश पर अमीन ताहिर हुसैन और लेखपाल प्रत्युष कुमार पाठक ने बैंक अधिकारियों शाखा प्रबंधक रवि कटियार ऋण अधिकारी हिमांशु शंखवार एवं इसरार अहमद की उपस्थिति में गांव पहुंचकर खेत में लाल झंडी लगाकर कुर्की की कार्रवाई शुरू की।
इस कार्रवाई से गांव में हड़कंप मच गया और अन्य ऋण धारकों को भी समय पर भुगतान करने की चेतावनी मिली है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बकाया ऋण की वसूली के लिए आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे ।








