रसूलाबाद कानपुर देहात । रसूलाबाद कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत थानापुरवा गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मंगलवार शाम एक अनियंत्रित बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए 6 वर्षीय मासूम ऋषभ राजपूत ने बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थानापुरवा निवासी राकेश कुमार का 6 वर्षीय पुत्र ऋषभ राजपूत मंगलवार शाम सड़क के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऋषभ घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
दुर्घटना के तुरंत बाद परिजन आनन-फानन में घायल ऋषभ को लेकर कानपुर के एक निजी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि बुधवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। जैसे ही यह खबर गांव पहुंची परिजनों के सब्र का बांध टूट गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।
इस घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। बताया जा रहा है कि ऋषभ अपनी तीन बहनों के बीच अकेला भाई था। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। बहनों के सिर से अपने भाई का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना करने वाली बाइक को कब्जे में ले लिया है और कानपुर नगर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और फरार बाइक चालक के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।







