उरई । उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 09 मई 2026 को आयोजित की जाने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित किये जाने हेतु आज जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल-मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी/अपर जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी के विश्राम कक्ष में उनकी अध्यक्षता में जिला प्रशासन के नोडल अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। इसमें उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।
नोडल अधिकारी/अपर जिला न्यायाधीश सतीश चन्द्र द्विवेदी नेे जिला प्रशासन के नोडल अधिकारी/अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) योगेन्द्र सिंह से कहा कि वे विभिन्न उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लम्बित दाण्डिक प्रकीर्ण वादों को एवं तहसील स्तर पर लम्बित राजस्व मामलों को चिन्हित कराकर अतिशीघ्र इनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध करायें और अपने विभाग से सम्बन्धित मामलों में तत्परता से पैरवी कराना सुनिश्चित करें।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शाम्भवी प्रथम द्वारा बैठक में उपस्थित जिला अग्रणी बैंक प्रबन्धक के प्रतिनिधि भुवन कुमार से अपेक्षा की गयी कि वह जिले की समस्त बैंकों के बकाया ऋण के ऐसे मामले जिनमें सुलह-समझौते की सम्भावना हो किन्तु वह पूर्व की लोकअदालतों में नियत न किये गये हो, को प्राथमिकता के आधार पर आगामी राष्ट्रीय लोकअदालत हेतु चिन्हित किया जाना चाहिये। ऐसे चिन्हित मामलों की सूची और उनके दावे/वादपत्र तत्काल तैयार कराकर अतिशीघ्र अग्रिम कार्यवाही हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय में दाखिल किया जाये।
उन्होंने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा० आनन्द प्रकाश वर्मा से अपेक्षा की गयी कि वह आशा बहुओं की होने वाली नियमित बैठकों में राष्ट्रीय लोकअदालत के आयोजन का प्रचार कराये जाने हेतु उन्हें निर्देशित करें तथा चिकित्सा विभाग से सम्बन्धित लम्बित तथा प्री लिटिगेशन वादों की नियत वादों की सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उरई को शीघ्रातिशीघ्र प्रेषित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने अधिशासी अभियन्ता विद्युत जीतेन्द्र नाथ और एच०ई०ओ० अरविन्द सिंह से ऐसे मामलों को चिन्हित करने व आवयश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने को कहा जो लोकअदालत में निस्तारित कराये जा सकें।








