सिकंदरा कानपुर देहात। राजपुर स्थित कन्हैया नगर में सोमवार को एक विद्युत शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर स्मार्ट मीटरों में तकनीकी खराबी और उपभोक्ताओं की बढ़ती समस्याओं के कारण लगाया गया था।
इससे पहले शनिवार को कन्हैया नगर वार्ड में उपभोक्ताओं ने जूनियर इंजीनियर (जेई) का घेराव किया था और स्मार्ट मीटर उखाड़कर फेंक दिए थे। देर रात प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद उपभोक्ताओं को समस्याओं के समाधान का आश्वासन देकर शांत कराया गया था।
एक्सीएन ( Xen) से पुखरायां आलोक प्रकाश के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में कई उपभोक्ताओं ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। वार्ड निवासी शाहबुद्दीन ने बताया कि फरवरी में 3000 रुपये का बिल भुगतान करने के बावजूद अप्रैल की शुरुआत में उनकी बिजली काट दी गई, और उपकेंद्र में 3860 रुपये बकाया बताया जा रहा है।
इसी तरह, शहीदा बेगम ने शिकायत की कि उनके मीटर से बिजली नहीं आने के बावजूद 5511 रुपये का बकाया बिल दिखाया जा रहा है। संतोष कुमार ने बताया कि शनिवार को उनका ऑनलाइन बिल 2943 रुपये प्लस में था, जो रविवार को 264 रुपये माइनस में हो गया।
शिविर में कुल लगभग दो दर्जन उपभोक्ताओं ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें से कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एसडीओ विद्युत अनिल शर्मा ने जानकारी दी कि शिविर में लगभग 20 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से कुछ का तत्काल समाधान कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए प्रक्रिया जारी है। एसडीओ अनिल शर्मा ने उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर ऐप के माध्यम से घर बैठे बिल जमा करने की सुविधा के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इससे समय की बचत होगी और लाइन में लगने की समस्या से भी निजात मिलेगी।













