रामबाग पार्क में सेवा का संदेश, जरूरतमंद बच्चों को मिला सहयोग और मुस्कान

 

कानपुर। धर्म प्रसार जनकल्याण समिति द्वारा रामबाग पार्क, कानपुर में पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद बच्चों के लिए निशुल्क संचालित विद्यालय में आज सेवा और संवेदना का प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला। लायंस क्लब आफ कानपुर विशाल की ओर से विद्यालय में स्कूली बैग, कुर्सियां एवं खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में नई उम्मीद की चमक साफ दिखाई दी।
विद्यालय की शिक्षिका नैंसी वर्मा ने कहा कि यह केवल सामग्री वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि ऐसे सहयोग से बच्चों में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास पैदा होता है और उन्हें बेहतर भविष्य की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद, गणमान्य नागरिकों एवं क्षेत्रीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और संस्था के कार्यों की सराहना की।
संस्था के संस्थापक गौरव शास्त्री ने लायंस क्लब आफ कानपुर विशाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समिति अपनी सामर्थ्य के अनुसार बच्चों को शिक्षा देने का निरंतर प्रयास करती है, लेकिन संसाधनों की सीमाएं भी होती हैं। यदि समाज का इसी प्रकार सहयोग मिलता रहा तो अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाई जा सकेगी।
संस्था के संरक्षक पंडित सुशील शास्त्री ने भी उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे पुनीत कार्य निरंतर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि जरूरतमंद बच्चों के भविष्य निर्माण में सभी अपनी सहभागिता निभाएं।
इस अवसर पर भारतीय रक्षक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूद्र सक्सेना, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपा मिश्रा, राष्ट्रीय महासचिव अमित शुक्ला, कार्यकर्ता सुजीत, कृष्णा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें