नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा—रॉन्ग साइड से आए वाहन की टक्कर में विद्युत कर्मी मानसिंह यादव की मौत, निर्माण कार्य में लापरवाही पर उठे सवाल

कानपुर देहात। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा पोखरायां स्थित नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में विद्युत विभाग में कार्यरत मानसिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक पूर्व में आर्मी में कार्यरत रह चुके थे। वह अपने घर से ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी रॉन्ग साइड से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मानसिंह यादव ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वहां इन दिनों नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है। सड़क पर कहीं भी उचित बैरिकेटिंग या डायवर्जन की व्यवस्था नहीं है, जिससे वाहन चालक मनमाने ढंग से रॉन्ग साइड पर भी वाहन चला रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर ही इस मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग घायल हुए हैं और कुछ को अपनी जान भी गंवानी पड़ी है। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।
ग्रामीणों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, बैरिकेटिंग लगाई जाए और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू किया जाए, ताकि इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं, इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें