फील्ड कार्य के दौरान हीट वेव से बचाव हेतु जारी की सख्त एडवाइजरी, स्वास्थ्य इंतजाम पुख्ता करने के निर्देश
जालौन में आगामी जनगणना-2027 के फील्ड कार्य को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने हीट वेव को देखते हुए व्यापक एडवाइजरी जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।जिलाधिकारी ने कह कि प्रदेश स्तर पर जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 22 मई से 20 जून 2026 तक जनगणना का प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” संचालित होना है, जिसमें बड़ी संख्या में कार्मिक घर-घर जाकर कार्य करेंगे। ऐसे में भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए कार्य व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि फील्ड कार्य का समय इस प्रकार निर्धारित किया जाए कि अत्यधिक तापमान से बचाव हो सके। सुबह 8 बजे से पूर्व तथा शाम 4 बजे के बाद ही कार्य कराए जाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम भी सुबह के समय आयोजित किए जाएं, ताकि कार्मिकों को गर्मी से राहत मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड में कार्यरत कर्मियों को हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक जागरूकता प्रदान की जाए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, सिर ढककर कार्य करना और धूप में अनावश्यक रूप से न रुकना जैसे उपायों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। इसके साथ ही मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया है कि जनपद में आवश्यकतानुसार ओआरएस, पेयजल एवं प्राथमिक उपचार सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्य की सफलता तभी संभव है जब इसमें लगे प्रत्येक कार्मिक सुरक्षित और स्वस्थ रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि एडवाइजरी का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराते हुए जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ संपन्न कराया जाए।









