शिवली कानपुर देहात। नगर पंचायत प्रशासन की अनदेखी व लापरवाही के चलते दूषित पानी पीने को मजबूर हो रहे हैं कस्बावासी। नगर पंचायत शिवली में बाजार गेट व शिवाय मेडिकल स्टोर के सामने मुख्य मार्ग के किनारे पिछले कई महीनों से लीकेज पाइप लाइन के कारण लोगों के घरों में बदबूदार पानी आने से लोगों को पीने के पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे कस्बावासियों को नगर पंचायत प्रशासन की हठधर्मी व मनमानी का शिकार होना पड़ रहा है। कस्बावासियों ने कस्बे में जगह जगह हुए लीकेज को ठीक करवाये जाने की मांग नगर पंचायत प्रसाशन से की है।
बताते चलें कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा शिवली कस्बे में जलापूर्ति के लिए वर्षों पूर्व पाइप लाइन डाली गई थी। उक्त पाइप लाइन जगह जगह पर क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पाइप लाइन जगह-जगह पर लीकेज हो गई है। जलनिगम द्वारा शिवली रसूलाबाद मार्ग पर नगर पंचायत कार्यालय में बनी पानी की टंकी से नगर पंचायत में लोगों के घरों में पानी की सप्लाई पहुंचाये जाने के लिए जो पाइप लाइन बिछाई गई है वह जगह-जगह पर लीकेज हो गई है। अभी हाल में ही नगर पंचायत कार्यालय के पास शिवली कल्याणपुर मार्ग पर पाइपलाइन में हुए लीकेज को समाचार पत्रों में खबरें छापने के बाद हरकत में आए नगर पंचायत शासन द्वारा ठीक करवाया गया है। उक्त पाइपलाइन दिसंबर2025 को लीकेज होनी शुरू हो गई थी जो 4 माह के अंतराल में और अधिक बढ़ जाने के कारण लोगों के घरों तक कम पानी पहुंच रहा था वही नजदीक नाल होने के कारण घरों में बदबूदार पानी आने से लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। इसी प्रकार अंबेडकर मूर्ति के पास शिवाय मेडिकल स्टोर के सामने एवं बाजार गेट के पास काफी लंबे समय से पाइपलाइन लीकेज पड़ी है। कस्बे के लोगों का कहना है कि जब जलापूर्ति की जाती है तो लीकेज पाइप लाइन से पानी बहता रहता है और जब सप्लाई बंद की जाती है तो गढ्ढों में भर वही गंदा पानी पाइप लाइन में वापस चला जाता है जिससे लोगों को दूषित पानी पीना पड़ रहा है। आवारा कुत्ते एवं जानवर भी उन्हीं गढ्ढों से पानी पीते हैं। नगर पंचायत प्रशासन की अनदेखी एवं लापरवाही के चलते यही पानी कस्बा वासियों को भी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी मनीष कुमार ने बताया की पाइपलाइन लीकेज होने की जानकारी मिली है। अति शीघ्र इसे दुरुस्त कराए जाने का काम किया जाएगा।









