उरई, अध्यक्ष नीलामी समिति/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम सतीश चंद्र द्विवेदी ने अवगत कराया है कि जनपद न्यायालय, जालौन (स्थान-उरई) परिसर में स्थित फोटोकॉपी मशीन की दुकान के ठेके हेतु वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए नीलामी आयोजित की जाएगी। यह नीलामी दिनांक 05 मई 2026 को सायं 03:00 बजे से 05:00 बजे तक न्याय भवन के सभागार में संपन्न होगी।
नीलामी में भाग लेने वाले प्रत्येक इच्छुक व्यक्ति को बोली लगाने से पूर्व 5000 रुपये की धरोहर राशि अमीन-प्रथम, सिविल कोर्ट उरई के पास उसी दिन जमा करनी होगी। सभी प्रतिभागियों से धरोहर राशि जमा कराई जाएगी, जिसमें से केवल अधिकतम बोली लगाने वाले की राशि सुरक्षित रखी जाएगी, जबकि अन्य प्रतिभागियों की धनराशि नीलामी प्रक्रिया समाप्त होने के बाद वापस कर दी जाएगी।
नीलामी समाप्त होते ही सर्वाधिक बोली लगाने वाले व्यक्ति को निर्धारित संपूर्ण धनराशि तत्काल जमा करनी अनिवार्य होगी। बोली में भाग लेने वाले व्यक्ति का किसी प्रकार का बकाया न हो तथा वह काली सूची में शामिल न हो। साथ ही, उसके विरुद्ध कोई आपराधिक मामला दर्ज या लंबित नहीं होना चाहिए, जिसके संबंध में शपथ पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
बोली को स्वीकृत या अस्वीकृत करने का पूर्ण अधिकार माननीय जिला जज, जालौन (उरई) के पास सुरक्षित रहेगा। नीलामी से संबंधित विस्तृत जानकारी उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं जनपद न्यायालय जालौन (उरई) की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।











