कानपुर देहात, गजनेर
जनपद कानपुर देहात के गजनेर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े एक सर्राफा व्यापारी से लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम शाहजहांपुर निनाया निवासी राजवल्लभ सिंह परिहार, पुत्र मनीराम परिहार, अपनी सर्राफा दुकान जिगनीपूर्वा से वापस घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में बुलेट सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और चाकू से हमला कर दिया। बदमाशों ने व्यापारी से करीब 20 हजार रुपये नगद और मोबाइल फोन लूट लिया। साथ ही जेवरात से भरा झोला छीनने का भी प्रयास किया, लेकिन इसमें वे सफल नहीं हो सके।
घटना के बाद घायल व्यापारी किसी तरह अपने घर पहुंचे और परिजनों के माध्यम से पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजनेर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।











