कानपुर देहात — मंत्री डॉ० संजय कुमार निषाद (मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार) की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, कानपुर देहात में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मंत्री ने महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो।
उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनपद में सुदृढ़ कानून व्यवस्था बनाए रखने, विकास कार्यों में गति लाने तथा शासन की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर बल दिया। साथ ही सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला (महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग), भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान, जिलाधिकारी कपिल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।













