कानपुर देहात के छात्र ने बढ़ाया जिले का मान, विद्यालय व परिवार में खुशी की लहर
कानपुर देहात – जिले के होनहार छात्र अनिरुद्ध अग्निहोत्री ने SOF इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड (IHO) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला स्तर पर टॉप कर जिले का नाम रोशन किया है। अनिरुद्ध, द जैन वर्ल्ड स्कूल, मावर (भोगनीपुर) के कक्षा 7 के छात्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय, परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिरुद्ध ने 60 में से 29 अंक प्राप्त करते हुए 48.33 प्रतिशत अंक हासिल किए और 53.15 का परसेंटाइल स्कोर प्राप्त किया, जो उनके बेहतरीन प्रदर्शन को दर्शाता है। उन्होंने अपने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर यह साबित किया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने अनिरुद्ध की इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। अभिभावकों ने भी उनकी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
अनिरुद्ध ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने बताया कि आगे भी वे इसी तरह मेहनत कर और बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे।
इस उपलब्धि से यह साफ है कि जिले के छात्र अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।








