जालौन – कालपी तहसील क्षेत्र के ग्राम धामनी में एक व्यक्ति की मृत्यु को लेकर कुछ माध्यमों में फसल नुकसान एवं आर्थिक तंगी से जोड़कर प्रसारित की जा रही खबरों को उप जिलाधिकारी कालपी मनोज सिंह ने पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन बताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि तहसील स्तर पर कराई गई जांच में ऐसी किसी भी प्रकार की स्थिति सामने नहीं आई है, जिससे उक्त घटना का संबंध फसल क्षति या आर्थिक संकट से स्थापित हो सके। उप जिलाधिकारी ने बताया कि दिनांक 19 अप्रैल 2026 को थाना क्षेत्र सिरसाकलार अंतर्गत ग्राम धामनी के ग्राम प्रधान द्वारा दूरभाष पर सूचना दी गई थी कि ग्राम निवासी अवधेश अवस्थी उर्फ बबलू अवस्थी (उम्र लगभग 45 वर्ष), जो दिल्ली में निजी नौकरी करते थे और लगभग 10 दिन पूर्व अपने गांव लौटे थे, ने घरेलू विवाद के चलते गांव के बाहर स्थित बगिया में नीम के पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर स्थानीय पुलिस एवं फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्यवाही करते हुए पंचायतनामा की प्रक्रिया पूर्ण की गई। उन्होंने आगे बताया कि जांच के दौरान यह तथ्य भी सामने आया है कि मृतक के परिजनों द्वारा लगभग 16 बीघा में गेहूं की फसल की कटाई पूर्व में ही कर ली गई थी तथा कालपी तहसील क्षेत्र में कहीं भी ओलावृष्टि अथवा अतिवृष्टि से फसल प्रभावित होने की पुष्टि नहीं हुई है। ग्राम धामनी में भी किसी प्रकार की ओलावृष्टि या फसल नुकसान की स्थिति नहीं पाई गई है। उप जिलाधिकारी मनोज सिंह ने कहा कि कुछ माध्यमों द्वारा बिना सत्यापन के घटना को फसल नुकसान और आर्थिक तंगी से जोड़कर प्रस्तुत किया जाना न केवल भ्रामक है, बल्कि इससे जनसामान्य में अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।












