संपूर्ण समाधान दिवस में 34 में से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण

 

जनसुनवाई के साथ ही आयुष्मान कार्ड बनाए, संचारी रोग नियंत्रण व व्यवस्थाओं पर दिए सख्त निर्देश

जालौन तहसील कौंच के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने दूर-दराज से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। इस दौरान जिलाधिकारी के समक्ष कुल 34 शिकायती प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान प्रशासन की जनसेवा की तत्परता भी देखने को मिली, जहां कैलाशी देवी एवं रामसेवक का प्रधानमंत्री आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनवाया गया, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ तुरंत प्राप्त हो सके। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर संचारी रोग नियंत्रण अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि गांव-गांव और शहर-शहर एंटी लार्वा छिड़काव एवं फॉगिंग की कार्यवाही नियमित रूप से कराई जाए, ताकि मौसमी बीमारियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने जल संरक्षण एवं पशुधन संरक्षण पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिए कि जनपद के सूख चुके तालाबों को नहरों के माध्यम से भरने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए जिलाधिकारी ने गौशालाओं में हरा चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल एवं पर्याप्त छाया की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे निराश्रित गौवंश को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने गेहूं क्रय केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और किसानों के लिए छाया, पेयजल, तौल व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं सुगम बनी रहनी चाहिए।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें