कानपुर देहात – जनपद कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित गणेश हॉस्पिटल में शनिवार (18 अप्रैल 2026) को एक महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित परिजनों ने मृतका के शव को अस्पताल परिसर में रखकर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका आरती यादव (27 वर्ष), पत्नी अजय यादव, निवासी नबीपुर जैनपुर थाना अकबरपुर, को 13 अप्रैल 2026 को डिलीवरी के लिए गणेश हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। डिलीवरी के दौरान बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन इसके बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई।
स्थिति गंभीर होने पर परिजन महिला को इलाज के लिए कानपुर नगर के न्यू सिटी हॉस्पिटल, कल्याणपुर ले गए, जहां शनिवार सुबह करीब 5 बजे उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद परिजन शव को वापस गणेश हॉस्पिटल लेकर पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हंगामे की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हरमीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं, नायब तहसीलदार रविन्द्र मिश्रा एवं एसीएमओ सुखलाल वर्मा भी मौके पर मौजूद रहे।
अस्पताल प्रबंधन द्वारा समझाने-बुझाने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
हालांकि, परिजनों और स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी नाराजगी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि अस्पताल की लापरवाही के कारण ही महिला की जान गई है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस और प्रशासन की तत्परता से मौके पर स्थिति को संभाल लिया गया, जिससे कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई









