बंदी के दिन खुली दुकानों पर बढ़ा रोष, सैलून समिति पहुंची कोतवाली
कालपी (जालौन)। नगर में सैलून संचालकों के लिए निर्धारित साप्ताहिक बंदी (गुरुवार) का पालन न होने को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई है। जहां मुख्य बाजार के अधिकांश सैलून संचालक बंदी का पालन कर रहे हैं, वहीं बस्तियों में संचालित कुछ हेयर कटिंग सैलून इस नियम को नजरअंदाज कर रहे हैं। इससे अन्य संचालकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
इसी मुद्दे को लेकर सैलून संचालक समिति के अध्यक्ष अनीश अहमद के नेतृत्व में कई संचालक एकजुट होकर कोतवाली कालपी पहुंचे। उन्होंने पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बंदी के दिन खुली दुकानों के वीडियो साक्ष्य भी प्रस्तुत किए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि नई बस्ती क्षेत्र में एक सैलून संचालक लगातार बंदी के दिन दुकान खोलता है। जब उसे ऐसा करने से मना किया गया तो उसने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की, जिससे विवाद की स्थिति बन गई।
संचालकों ने मांग की है कि बंदी के दिन नगर के सभी सैलूनों को पूर्ण रूप से बंद कराया जाए, ताकि सभी के लिए समान नियम लागू हो सके। फिलहाल पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है।












