उरई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी जगदीश वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड, लखनऊ के निर्देशों के क्रम में जनपद के सभी पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को सूचित किया जाता है कि जिन श्रमिकों की फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, वे इसे शीघ्र बनवा लें।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बोर्ड द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल उन्हीं श्रमिकों को मिलेगा, जिनकी फैमिली आईडी उनके श्रमिक कार्ड से जुड़ी होगी। ऐसे में फैमिली आईडी बनवाना अनिवार्य कर दिया गया है।
श्रम विभाग द्वारा सभी निर्माण श्रमिकों से अपील की गई है कि “एक परिवार, एक पहचान” योजना के तहत अपनी फैमिली आईडी अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र/सीएससी केंद्र के माध्यम से जल्द से जल्द बनवाएं। साथ ही, फैमिली आईडी बनने के बाद इसकी सूचना श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय, उरई में उपलब्ध कराना भी सुनिश्चित करें।
अधिक जानकारी के लिए श्रमिक जालौन रोड स्थित होटल श्रीहरि के पास स्थित श्रम प्रवर्तन अधिकारी कार्यालय, उरई में संपर्क कर सकते हैं।












