कानपुर देहात। के गजनेर क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक युवक ने ब्याजखोरी और कथित पुलिस दबाव से परेशान होकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए न्याय की मांग की है।
पीड़ित शिव शंकर अग्रवाल ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि मामले की जांच पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की जा रही है, लेकिन संबंधित दरोगा द्वारा उस पर लगातार समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, वह पहले ही ₹25,000 में समझौता कर चुका है और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी दी जा चुकी है।
इसके बावजूद आरोप है कि विपक्षी पक्ष द्वारा ₹1,00,000 की मांग की जा रही है और चेक वापस नहीं किया गया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कानपुर और अकबरपुर न्यायालय में अलग-अलग मुकदमे दर्ज करा दिए हैं, जिनकी तारीखें एक ही दिन पड़ने से पीड़ित को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि थाना स्तर से उस पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से अत्यधिक परेशान है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके।












