कानपुर देहात। थाना मूसानगर पुलिस ने हत्या के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए नामित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम व खुलासे के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली है।
घटना फत्तेपुर कस्बा थाना मूसानगर क्षेत्र की है, जहां वादिनी की बहन रेशमा (उम्र करीब 32 वर्ष) के साथ मारपीट की गई थी। इस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मृत्यु हो गई। मामले में वादिनी की तहरीर पर नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मुकदमा संख्या 0030/2026, धारा 191(2)/103(1) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए 03 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुख्य अभियुक्त मुइनुद्दीन उर्फ बड़े को बिबियापुर मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य नामजद व अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।













