तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से अशोक तिवारी गंभीर घायल, कानपुर रेफर

भोगनीपुर (कानपुर देहात)  भोगनीपुर ओवरब्रिज के पास आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोटरसाइकिल सवार अशोक कुमार तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अशोक कुमार तिवारी निवासी पनकी गंगागंज (कानपुर नगर) किसी काम से भोगनीपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वह भोगनीपुर ओवरब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अशोक तिवारी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के दुकानदारों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत उठाया और उपचार के लिए पुखरायां अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें कानपुर के लिए रेफर कर दिया। खबर लिखे जाने तक घायल को होश नहीं आया था।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश:
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि भोगनीपुर चौराहा एशिया का सबसे बड़ा चौराहा माना जाता है, लेकिन यहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के नाम पर भारी लापरवाही बरती जा रही है।
लोगों ने आरोप लगाया कि यदि चौराहे पर उचित डिवाइडर और स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं, साथ ही ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती हो, तो ऐसे हादसों को रोका जा सकता है। लेकिन प्रशासन की अनदेखी के चलते यहां आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
प्रशासन से मांग:
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था सुधारने, स्पीड ब्रेकर व डिवाइडर बनवाने और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें