
नोएडा उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखलेश यादव ने नोएडा में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश की नीतियों पर तीखा प्रहार किया और सामाजिक न्याय, रोजगार व समान अवसरों को लेकर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के हर वर्ग और बिरादरी को सम्मान देने के साथ-साथ उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने का व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि देश और प्रदेश में बड़ी आबादी आज भी बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, खासकर युवाओं के सामने रोजगार का संकट गंभीर बना हुआ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर युवाओं को नौकरी देने, नए अवसर पैदा करने और आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाते हुए कहा कि समाज के हर वर्ग को बराबरी का हक मिलना चाहिए और यही समाजवादी विचारधारा की पहचान है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की दिशा में काम करेगी, जिससे कोई भी वर्ग पीछे न रह जाए।
जनसभा में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं और समर्थकों के उत्साह को देखते हुए अखिलेश यादव ने संगठन को और मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता के सहयोग से प्रदेश में सकारात्मक बदलाव लाया जाएगा।
कार्यक्रम में स्थानीय नेताओं की भी मौजूदगी रही और पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्माता नजर आया।










