अपर पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा अभियुक्तों को भेजा जेल

फतेहगढ़ के कोतवाली क्षेत्र में हुई कुंडल लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी और निखिल कटियार को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार बीते दिन यश पैलेस विजाधरपुर के पास बाइक सवार युवकों ने रामसरन की मां के कानों से सोने के कुंडल लूट लिए और मौके से फरार हो गए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को बाइक पर जाते समय गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूट के दो कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने बताया कि लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर थाना जहानगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। थाने से चंद दूरी पर स्थित कुबेर पाल उर्फ भल्लू की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। देर रात चोरों ने दुकान की पीछे की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान में रखा सामान समेत करीब 5 हजार रुपये की नगदी पार कर दी। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ दिनों में क्षेत्र में कई दुकानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। थाने के नजदीक ही इस तरह की वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।










