राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता हेतु उरई में समीक्षा बैठक सम्पन्न, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश

उरई,  उ०प्र० राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जनपद न्यायालय उरई में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक माननीय जनपद न्यायाधीश श्री विरजेन्द्र कुमार सिंह के कुशल मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी/अपर जिला न्यायाधीश श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी की अध्यक्षता में उनके विश्राम कक्ष में सम्पन्न हुई।
बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों ने प्रतिभाग किया, जहां राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नोडल अधिकारी श्री सतीश चन्द्र द्विवेदी ने अपर जिला मजिस्ट्रेट (नमामि गंगे) श्री प्रेमचन्द्र मौर्य को निर्देशित किया कि उपजिला मजिस्ट्रेट न्यायालयों में लंबित दाण्डिक प्रकीर्ण वादों एवं तहसील स्तर पर लंबित राजस्व मामलों को चिन्हित कर उनकी सूची शीघ्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए तथा संबंधित मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस विभाग के प्रतिनिधि क्षेत्राधिकारी कोंच श्री परमेश्वर प्रसाद को निर्देशित किया गया कि वे सभी थाना प्रभारियों को न्यायालयों से निर्गत सम्मन एवं नोटिसों की शत-प्रतिशत तामीला सुनिश्चित कराने के निर्देश दें, क्योंकि कुछ थानों द्वारा तामीला कार्य में लापरवाही की शिकायतें संज्ञान में आई हैं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शाम्भवी प्रथम ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ० आनन्द प्रकाश वर्मा को निर्देशित किया कि आशा कार्यकर्ताओं की बैठकों के माध्यम से राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए तथा चिकित्सा विभाग से संबंधित लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों की सूची शीघ्र प्राधिकरण को उपलब्ध कराई जाए।
इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री विनय कुमार पाण्डेय को भी ऐसे मामलों को चिन्हित कर न्यायालय में प्रभावी पैरवी कराने के निर्देश दिए गए, जिनका निस्तारण राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से संभव हो सके।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों ने राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय से एच०ई०ओ० श्री अरविन्द सिंह भी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें