ईंधन व गैस आपूर्ति पर प्रशासन की पैनी नजर, पर्याप्त उपलब्धता से आमजन को राहत

डीएम ने अफवाहों से बचने की अपील, हर जरूरतमंद तक समय से पहुंचें सिलेंडर दिए निर्देश

जालौन – जनपद में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में गैस डीलरों एवं पेट्रोल पंप संचालकों के साथ समीक्षा बैठक कर सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में ईंधन व गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए आमजन को किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
समीक्षा के दौरान विभिन्न एजेंसियों के माध्यम से उपलब्ध गैस सिलेंडरों की स्थिति संतोषजनक पाई गई। जनपद में कुल 10,223 घरेलू गैस सिलेंडर, 19 किलोग्राम के 767 कमर्शियल सिलेंडर तथा 5 किलोग्राम के 177 सिलेंडर उपलब्ध हैं। इसी प्रकार पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है, जहां कुल 2,130 किलोलीटर डीजल और 1,276.7 किलोलीटर पेट्रोल का भंडारण सुनिश्चित है।
जिलाधिकारी ने गैस एजेंसियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शादी-विवाह जैसे विशेष अवसरों पर किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर के लिए परेशानी न हो, इसकी विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि होम डिलीवरी व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित हो और उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति मिले। जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि ईंधन की उपलब्धता को लेकर पारदर्शिता बनाए रखें तथा स्टॉक का नियमित अद्यतन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कृत्रिम कमी या जमाखोरी की स्थिति पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे लगातार निगरानी बनाए रखें और जनपद में ईंधन व गैस आपूर्ति की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव शुक्ला आदि मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें