मृतक की फाइल फोटो
कुठौंद जालौन। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कुठीला में रविवार सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहाँ एक 23 वर्षीय युवती ने अज्ञात कारणों और कथित मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
अकेलेपन का फायदा उठाकर उठाया कदम प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुठीला निवासी स्व. हत्येंद्र सिंह की पुत्री खुशबू (23 वर्ष) रविवार सुबह घर पर अकेली थी। परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यों से घर से बाहर गए हुए थे। सुबह लगभग 7:00 बजे जब परिजन वापस लौटे, तो खुशबू का शव फंदे से लटका देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर में चीख-पुकार मचते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मानसिक तनाव बनी वजह !
स्थानीय चर्चाओं और ग्रामीणों के अनुसार, खुशबू अपनी कम लंबाई (हाइट छोटी होने) को लेकर अक्सर परेशान रहती थी। बताया जा रहा है कि इसी शारीरिक बनावट के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव (डिप्रेशन) के दौर से गुजर रही थी। माना जा रहा है कि इसी अवसाद के चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही कुठौंद थाना प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद दुबे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उप-निरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और ग्रामीणों व परिजनों से पूछताछ की। उप-निरीक्षक हर्षवर्धन त्रिपाठी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
क्राईम रिपोर्टर – अनूप मिश्रा










