कुठौंद जालौन। थाना कुठौंद क्षेत्र के ग्राम मदनेपुर में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेम विवाह की जिद को लेकर गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के इस कदम से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान अमित कठेरिया पुत्र दिनेश कुमार उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम अटरा कलार थाना चुर्खी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इस गांव की ही एक युवती, से शादी की जिद कर रहा था। अपनी इसी जिद को लेकर वह अचानक टावर पर चढ़ गया और ऊपर से शोर-शराबा करते हुए विवाह कराने की मांग करने लगा।घटना की सूचना मिलते ही थाना कुठौंद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की गाड़ी को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके।
करीब कई घंटों तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिस अधिकारियों और ग्रामीणों ने युवक को समझाने का भरसक प्रयास किया। पुलिस ने संयम और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक से लगातार संवाद बनाए रखा, जिससे स्थिति और न बिगड़े।
लंबी मशक्कत व अथिक के बाद आखिरकार युवक पुलिस की समझाने में आ गया ।और सुरक्षित टावर से नीचे उतर आया। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लेकर थाना कुठौंद पहुंचाया। जहां उससे पूछताछ की जा रही है।













