कानपुर देहात डेरापुर थाना परिसर में सोमवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंबेडकर जयंती को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से मनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम शिखा शंखवार ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सौरभ वर्मा, थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह, चौकी इंचार्ज दस्तमपुर गिरीश चंद, कांधी के मलोक चंद्र, मुंगीसापुर के अरविंद तिवारी, बिहार घाट के राजवीर सिंह सहित उप निरीक्षक विभूति प्रसाद, रामकृपाल और धर्मेंद्र सिंह मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अंबेडकर जयंती का कार्यक्रम केवल उन्हीं स्थानों पर आयोजित किया जाएगा, जहां पूर्व में होता रहा है। किसी भी नई जगह पर कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी। बिना प्रशासनिक अनुमति के कोई भी आयोजन नहीं किया जाएगा। जिग्नेश गांव में कार्यक्रम के बाद बौद्ध कथा होनी थी पर उसे पर प्रशासन ने रोक लगा दी है सिर्फ जयंती मनाने की अनुमति दी गई है
रैली के दौरान वीडियो ग्राफी अनिवार्य रखने के निर्देश दिए गए हैं, साथ ही कार्यक्रम स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने के लिए भी कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस द्वारा टीम गठित कर क्षेत्र में भ्रमण करने की बात कही गई।
प्रशासन ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई कि वे आपसी सौहार्द बनाए रखें और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं।
इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम सिंह प्रजापति, सोबरन सिंह यादव, रमेश मराल, हरिशंकर संखवार, एडवोकेट पुत्तन संखवार, अनिल कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।












