उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, विद्युत विभाग पर मनमानी के आरोप
कालपी (जालौन) नगर के प्रमुख बाजार टरननगंज चौराहे पर गुरुवार को विद्युत विभाग के खिलाफ व्यापारियों का आक्रोश खुलकर सामने आया। स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाए जाने के विरोध में सैकड़ों व्यापारी सड़कों पर उतर आए और जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने स्मार्ट मीटर का पुतला फूंककर विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों का आरोप था कि विद्युत विभाग बिना उपभोक्ताओं की सहमति के जबरन स्मार्ट मीटर लगा रहा है, जिससे आम जनता और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि नए मीटर लगने के बाद बिजली बिल में अचानक वृद्धि हो गई है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है। कई व्यापारियों ने शिकायत की कि बिना किसी स्पष्ट कारण के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है और फिर कनेक्शन जोड़ने के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूला जाता है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं और मनमानी तरीके से कार्य कर रहे हैं। इससे लोगों में असंतोष लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पुराने मीटर व्यवस्था में पारदर्शिता अधिक थी, जबकि स्मार्ट मीटर में उपभोक्ताओं को सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
प्रदर्शन की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह और पुलिस बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने व्यापारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह की मौजूदगी में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर तीन प्रमुख मांगें रखीं—स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक, गलत बिलिंग की जांच और विद्युत विभाग की मनमानी पर अंकुश लगाया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में नमन अग्रवाल, श्रवण कुमार गुप्ता, अमित कुमार गुप्ता, अजय पाठक, शिवम त्रिवेदी, संजीव मिश्रा, संतोष अवस्थी, संदीप गुप्ता, राहुल वर्मा, बृजेश त्रिपाठी, विजय कुमार, मोहित गुप्ता, अनिल गुप्ता, धीरज, राजेश, धर्मेंद्र, दीपक, अंशुल, अरविंद, प्रदीप, पंकज, आशीष, दिनेश, मनोज, सुशील सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।












