रसूलाबाद कानपुर देहात। रविवार को बिजली की गरज-चमक के साथ हुई बारिश ने खेतों में काम पूरी तरह ठप कर दिया। शुक्रवार,शनिवार रात की बारिश के बाद रविवार सुबह कटाई नहीं हो सकी और रविवार को दिन में ही तेज बारिश के साथ ओले गिरने लगे। देर शाम तक आसमान में काले बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज गरज के साथ बारिश की फुहारें पड़ती रहीं। कई इलाकों में गेहूं मटर के दाने से भी बड़े आकार के ओले भी गिरे, जिससे फसल को काफी नुकसान पहुंचने की आशंका और बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि वे कर्ज लेकर फसल तैयार करते हैं और जब फसल घर आने का समय होता है, तभी मौसम की मार झेलनी पड़ती है। ऐसे में उनकी मेहनत और उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि इस बारिश और ओलावृष्टि से किसानों का नुकसान होता है तो सरकार उन्हें उचित मुआवजा दे। रसूलाबाद क्षेत्र के अजनपुर इंदौती, असालतगंज,बारापुर,बरिगौ, पहाड़ीपुर, कहिंजरी, नौहानौगांव गांव सहित कई इलाकों में बारिश के साथ ओले भी गिरे। किसान ब्रजकिशोर ने बताया कि बारिश व ओलावृष्टि के चलते करीब एक सप्ताह तक कटाई व मड़ाई का कार्य नहीं हो सकेगा। इसके अलावा गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान हुआ है। यहां तक की फसल की लागत मिलना ही बहुत ही मुश्किल नजर आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को ओलावृष्टि के चलते हुए नुकसान का मुआवजा दे ताकि अन्नदाता का आत्मविश्वास न गिरे और वह कोई गलत कदम न उठाये।












