कानपुर देहात में पुलिस परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रिजर्व पुलिस लाइन में विशेष ‘वामा वेलनेस कैम्प’ का आयोजन किया गया। यह कैम्प पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के पर्यवेक्षण में तथा वामा सारथी की अध्यक्षा सुरभि पाण्डेय के नेतृत्व में आयुष विभाग के सहयोग से संपन्न हुआ।
कैम्प में राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय भेवान की चिकित्सक डॉ. प्रभा एवं उनकी टीम द्वारा उपस्थित लोगों को बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, पोषण तथा जलजनित रोगों से सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही सामान्य बीमारियों के लिए परामर्श प्रदान करते हुए निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों, सेवानिवृत्त कर्मियों एवं उनके परिवारजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन्स के प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करते रहने की बात कही।












