सरमन खेड़ा कानपुर देहात अकबरपुर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरमन खेड़ा (कानपुर देहात) की मुख्य बाजार इन दिनों बदहाल स्थिति में है। बाजार पूरी तरह से जलभराव और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है, जिससे आम लोगों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पूरे गांव का पानी बाजार में भर गया है, जिसके चलते आवागमन लगभग ठप हो गया है। राहगीरों को निकलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा नाली में मिट्टी और गोबर डालकर उसे बंद कर दिया गया, जिसके कारण पानी की निकासी रुक गई और सड़क पर जलभराव की समस्या विकराल रूप ले चुकी है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों का कहना है कि “ऐसा लगता है जैसे बाजार में ही नदी बह रही हो।”
दुकानदारों की मानें तो इस समस्या के चलते ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट आई है। स्थानीय व्यापारी दीनू लाला गुप्ता, रौनक सिंह परिहार और ललित अनंत गुप्ता ने बताया कि जलभराव के कारण न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि गंदगी और ठहरे पानी से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि इस समस्या को लेकर कई बार जिलाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र भी दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों और दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाली की सफाई कराकर जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त की जाए, ताकि बाजार को इस दलदल जैसी स्थिति से राहत मिल सके।










