जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय प्रबंध समिति की बैठक सम्पन्न

 

 

कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की प्रबंध समिति की बैठक केन्द्रीय विद्यालय माती नबीपुर में सम्पन्न हुई। बैठक में विद्यालय की शैक्षिक गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, स्वास्थ्य परीक्षण, स्मार्ट क्लास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों एवं स्मार्ट क्लास का समुचित उपयोग किया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं की समझ एवं रुचि में वृद्धि हो सके। जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए परिसर में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय में अनुशासित एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, समय-समय पर फॉगिंग कराने तथा पेयजल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी द्वारा लोक निर्माण विभाग को विद्यालय को जोड़ने वाली सड़क के गढ्ढे भरवाने, इन्टरलाकिंग कराने, स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिये, साथ ही द्वितीय शिफ्ट के विद्यार्थियों के लिए एन0सी0सी0 की व्यवस्था करने हेतु एनसीसी निदेशालय को पत्र लिखने के निर्देश दिये, जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालय को और बेहतर बनाने, आगे ले जाने की हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने खेलकूद गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर देते हुए कहा कि विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। इसके लिए विद्यालय में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाने तथा विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी चर्चा की गई तथा आवश्यक सुधार कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम अकबरपुर सुरभी शर्मा, विद्यालय के प्राचार्य ए0एच0 अन्सारी, प्रबंध समिति के सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें