
कानपुर देहात प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर पालिका परिषद सभागार, पुखरायां में ‘नगर विकास एवं निर्माण’ थीम को केंद्र में रखते हुए एक भव्य एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान द्वारा की गई। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पुखरायां पूनम दिवाकर, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उपजिलाधिकारी भोगनीपुर देवेंद्र सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष मूसानगर प्रतिनिधि विनोद निषाद, विभिन्न वार्डों के सभासद/ प्रतिनिधि एवं अधिशासी अधिकारी पुखरायां सहित अन्य गणमान्य अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कहा कि बीते नौ वर्ष “बेमिसाल” रहे हैं, जिनमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के साथ-साथ नगर विकास एवं निर्माण को भी अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण से महिलाओं को सम्मान मिला है, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से सुरक्षित आवास उपलब्ध कराए गए हैं। हर घर जल योजना के जरिए हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाकर महिलाओं के जीवन को सुरक्षित एवं सुगम बनाया गया है। उन्होंने कहा कि नगरों के विकास में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार अत्यंत आवश्यक है और सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। मुफ्त राशन वितरण, आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को सहायता तथा लघु उद्योगों को बढ़ावा देने वाली योजनाएं समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बना रही हैं। कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने ‘नगर विकास एवं निर्माण’ थीम पर अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा नगरीय निकायों को सुदृढ़ बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर क्षेत्र में सड़कों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, नाली एवं जल निकासी व्यवस्था का सुदृढ़ीकरण तथा जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु योजनाबद्ध कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली को प्रभावी बनाया गया है तथा कचरा निस्तारण के लिए आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। स्ट्रीट लाइटों के आधुनिकीकरण के तहत एलईडी लाइटों की स्थापना से नगरों में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित हो रही है। इसके अतिरिक्त पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के लिए पाइपलाइन विस्तार, जल टंकियों का निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्य निरंतर जारी है।उन्होनें यह भी बताया कि नगरों के सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, हरित क्षेत्र के विस्तार एवं सार्वजनिक स्थलों के उन्नयन हेतु विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे नगर के विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं, स्वच्छता बनाए रखें, करों का समय से भुगतान करें तथा सार्वजनिक संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करें, जिससे ‘स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित नगर’ का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। कार्यक्रम में उक्त के साथ ही विभिन्न विभागीय अधिकारियों द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने विभाग से जुड़ी योजनाओं के बारे में नागरिकों को जागरूक करते हुए पात्र लाभार्थियों से अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान एवं नगर पालिका अध्यक्ष पूनम दिवाकर द्वारा आयुष्मान भारत योजना/मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा प्रधानमंत्री आवास योजना (फेज-2) के लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र/चाभियां प्रदान कर उन्हें पक्के आवास की सौगात दी गई। लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के दौरान योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिससे आमजन को योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई। अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘नगर विकास एवं निर्माण’, महिला सशक्तिकरण एवं जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।






