कानपुर देहात जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आज तहसील डेरापुर का निरीक्षण कर तहसील परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न पटलों का अवलोकन करते हुए अभिलेखों एवं पत्रावलियों के रखरखाव की स्थिति की गहन समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों से अलमारियां खुलवाकर पत्रावलियों एवं अभिलेखों के रखरखाव की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं श्रेणीबद्ध तरीके से रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। साथ ही उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए वहां साफ-सफाई, अभिलेखों के वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नजारत शाखा एवं संग्रह अनुभाग का निरीक्षण करते हुए राजकीय अभिलेखों एवं सामग्रियों के रखरखाव की स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने लंबित पत्रावलियों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी न्यायालय, तहसीलदार न्यायालय, रजिस्ट्री कक्ष, मतदाता पंजीकरण कक्ष, अभिलेखागार तथा एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) से संबंधित कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मतदाता सूची से जुड़े कार्यों को पूरी सतर्कता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रजिस्ट्री कक्ष में दस्तावेजों के पंजीकरण कार्य को व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। तहसील परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को स्वच्छ, सुन्दर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तहसील परिसर में आने वाले आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने उपस्थित उप जिलाधिकारी एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि तहसील में आने वाले फरियादियों की शिकायतों एवं समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप जनकल्याणकारी योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों को पूरी पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ संचालित करने पर बल दिया। साथ ही कर्मचारियों को समय से कार्यालय में उपस्थित रहने, कार्यों में लापरवाही न बरतने तथा अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह, उप जिलाधिकारी डेरापुर सुरभि शर्मा, तहसीलदार जितेंद्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।











