जिलाधिकारी ने की जनपदीय स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

 

गर्भवती महिलाओं व बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करें : जिलाधिकारी

प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों के आंखों की करायें जांच

मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित टोल फ्री टेली-मानस हेल्पलाइन नम्बर 14416

कानपुर देहात, जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माँ मुक्तेश्वरी देवी सभागार में जनपदीय स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करते हुए विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करना, संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करना, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना तथा गर्भवती महिलाओं व बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना रहा। बैठक की शुरुआत में गत बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संस्थागत प्रसव को बढ़ाने, मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने तथा जननी सुरक्षा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुँचाने हेतु ठोस और प्रभावी प्रयास किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों के टीकाकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए। जिलाधिकारी ने मातृत्व मृत्यु के मामलों पर विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण की गहन समीक्षा कर कारणों की पहचान की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएं। उन्होंने सभी एमओआईसी को अपने-अपने क्षेत्रों में संस्थागत प्रसव को प्राथमिकता देने एवं इसके लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए तथा कमजोर बच्चों की पहचान कर उनके उपचार एवं पोषण सुधार के लिए प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत सभी बच्चों की आंखों की जांच कराई जाए तथा जिन बच्चों की दृष्टि कमजोर पाई जाए, उन्हें आवश्यकतानुसार चश्मा उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की निशुल्क नेत्र जांच अवश्य कराएं। बैठक में टीकाकरण कार्यक्रम, आभा आईडी, टीवी नियंत्रण कार्यक्रम, तंबाकू उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यूनिसेफ द्वारा किए गए सर्वेक्षण की रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सर्वेक्षण में चिन्हित सुधार बिंदुओं पर ठोस कार्ययोजना बनाकर प्रभावी अमल सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने एम्बुलेंस सेवाओं से संबंधित प्राप्त शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। साथ ही बैठक में मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित टोल फ्री टेली-मानस हेल्पलाइन नम्बर 14416 की जानकारी दी गई, जिस पर कॉल कर नागरिक मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्र, एसीएमओ डा0 सुखलाल वर्मा, डिप्टी सीएमओ डा0 आशीष बाजपेयी, सहित समस्त एमओआईसी, ईओ तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें