कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शनिवार को थाना डेरापुर क्षेत्रांतर्गत चौकी दस्तमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी परिसर, कार्यालय, साफ-सफाई और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही अभिलेखों का निरीक्षण कर उनके सुव्यवस्थित रख-रखाव एवं नियमित अपडेट रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद यातायात माह नवंबर-2026 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी डेरापुर नीलेश कुमारी ने पुलिस बल के साथ दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के आवश्यक दस्तावेज, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को नियमित गश्त करने, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने पर भी जोर दिया।
Author: Jansan Desh 24















