फोटो – शाहजहांपुर समिति में डीएपी के लिए लगी किसानों की भीड़।
राजपुर (कानपुर देहात)। सहकारी समितियों पर अव्यवस्थाओं और तकनीकी खामियों के चलते किसानों को खाद की किल्लत से जूझना पड़ रहा है।
कहीं ई- पाॅश मशीन में नेटवर्क नहीं तो कहीं सर्वर ठप्प होने से किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पा रहा है। समितियों में किसानों की कतारें लगने पर भी खाद नसीब नहीं हो पा रही है। ऐसे में किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी खाली लौटना पड़ रहा है। समितियों पर खाद की उपलब्धता को लेकर विभाग भले ही समुचित मात्रा में खाद उपलब्ध होने की बात कह रहा हो लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। रवी की प्रमुख फसलें मटर, चना, सरसों के लिए किसानों को उवरर्क की जरूरत पड़ रही है लेकिन खाद न मिलने से किसान परेशान है। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी किसानों को डीएपी नहीं मिल पा रहा है। शनिवार को अमरौधा ब्लॉक की शाहजहांपुर सहकारी समिति मे किसानों की भीड़ नजर आई। सर्वर में तकनीकी खामी के चलते किसानों को अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। क्षेत्रीय किसानों में जगजीवन सिंह, रामाधार, आनंदी, शीतल प्रसाद, मनोहर लाल आदि ने बताया कि इन दिनों फसलों की बोवाई के लिए डीएपी की जरूरत है। लेकिन समय से खाद नहीं मिलने से फसलो पर बोवाई का संकट छाया है। घंटों इंतजार के बाद भी किसानों को समय से खाद नहीं नसीब हो रही है। समिति में मौजूद आपरेटर प्रोवीन ने बताया कि शुक्रवार से समिति में खाद वितरण चालू है दो दिनों में 250 बोरी डीएपी किसानों को वितरण किया गया। धीमा सर्वर होने पर वितरण में समय लग रहा है।
Author: Jansan Desh 24















