कानपुर देहात। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, विनय उत्तम ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन दिव्यांगजन सशक्तीकरण अनुभाग-2 के द्वारा उत्तर प्रदेश में “स्कूल जाने वाली /शिक्षण प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं” को प्रत्येक विधान सभा में 20-20 कुल 80 ई-ट्राईसाइकिल” दिए जाने हेतु भौतिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उद्देश्य-“स्कूल जाने वाली /शिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राएं जो दैनिक कक्षाओं के लाइब्रेरी, लैब हॉस्टल आदि में सुगम आवागमन की सुविधा नहीं ले पा रही हैं उनको “ई-ट्राईसाइकिल” प्रदान कर शैक्षिक पुनर्वासन करना है”।
अनुदान की दरें-इस योजना के अन्तर्गत अनुदान की अधिकतम धनराशि रु० 65 हजार प्रति ई-ट्राईसाइकिल अनुमन्य होगी।
ई-ट्राईसाइकिल हेतु पात्रता की शर्तें निम्नवत् है-
1. ऐसे व्यक्ति जो मस्क्लूर डिस्ट्रोफी, स्ट्रोक, सेरेब्रल पाल्सी, हीमोफिलिया आदि से ग्रसित हो या व्यक्ति उपर्युक्त की भाँति शारीरिक स्थिति में हो, उसकी दृष्टि अच्छी हो, मानसिक स्थिति अच्छी हो, कमर के ऊपर के हिस्सा (भाग) स्वस्थ्य हो, संबंधित दिव्यांग छात्रा ई-ट्राईसाइकिल पर बैठकर अपने हाथों से उपकरण का संचालन करने में सक्षम हो, व मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा प्रदत्त उसकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत प्रमाणित की गयी हो, जनपद में प्राप्त आवेदनों की सूची में दिव्यांगता घटते हुए क्रम में लाभान्वित किया जाएगा।
2. आयु 16 वर्ष या 16 वर्ष से अधिक की दिव्यांग छात्रा, जो जनपद कानपुर देहात की निवासी हो इस योजनान्तर्गत पात्र होंगी। जनपद स्तर पर इस योजना के अन्तर्गत स्कूल जाने वाली एवं शिक्षण-प्रशिक्षण प्राप्त कर रही दिव्यांग छात्राओं के संस्थान द्वारा अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र अनिवार्य है।
3. छात्रा या उनके परिवार आयकर दाता की श्रेणी में न हो। (तहसील द्वारा निर्गत आय प्रमाण पत्र)
4. आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रदर्शित 02 फोटो, मोबाइल नम्बर।
5. भारत सरकार / स्थानीय निकाय/मा० सांसद निधि/मा० विधायक निधि/अन्य सरकारी या सरकार द्वारा अनुदानित स्त्रोतों से उसे ई-ट्राईसाइकिल ” हेतु पूर्व 05 वर्ष की अवधि सीमा में लाभान्वित न किया गया हो।
उक्त के क्रम में जनपद में संचालित विद्यालयों/ कालेजों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं को नियमावली में निहित प्राविधानों द्वारा उपरोक्तानुसार पात्र दिव्यांग छात्राएं तत्काल कार्यालय जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, कमरा नं0-105, विकास भवन, माती, कानपुर देहात में अपना पंजीकरण करायें। अधिक जानकारी के लिए विभाग के हेल्पलाइन नं0-8189038784 पर सम्पर्क स्थापित कर सकते हैं।
Author: Jansan Desh 24















