कानपुर देहात। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों एवं सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा मशीनों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही प्रशिक्षण/जागरूकता के लिए वेयरहाउस से निकाली गई ईवीएम मशीनों का भी अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, साफ-सफाई एवं रखरखाव की व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित रखी जाए। साथ ही ईवीएम मशीनों के रखरखाव एवं आवागमन से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का नियमानुसार अनुपालन किया जाए।
उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाओं को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला, चारों विधानसभा के ई0आर0ओ0, मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण, संबंधित अधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।















