कानपुर देहात।जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी कपिल सिंह कानपुर देहात ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।
उक्त कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचक नामावली के एकीकृत प्रारूप का प्रकाशन दिनांक 17 नवंबर 2026 को किया गया है। इसके उपरांत दिनांक 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण दिनांक 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन दिनांक 04 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का संशोधित कार्यक्रम निम्नवत है—
1. एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन: 17 नवंबर 2026 (मंगलवार)।
2. दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि: 17 नवंबर 2026 (मंगलवार) से 16 दिसंबर 2026 (बुधवार) तक।
3. दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण: 28 दिसंबर 2026 तक।
4. निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन: 04 जनवरी 2027 (सोमवार)।
इस अवधि में दिनांक 17 नवंबर 2026 से 16 दिसंबर 2026 तक जनसामान्य से दावे एवं आपत्तियां प्राप्त किए जाएंगे। समस्त बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ)/पदाभिहित अधिकारी अपने-अपने निर्धारित मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने ऐसे सभी पात्र नागरिकों से अपील की है, जिन्होंने दिनांक 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष या उससे अधिक आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन किसी कारणवश उनका नाम वर्तमान निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं हो पाया है, वे निर्धारित अवधि में अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए आवेदन करें।
इसके लिए संबंधित मतदेय स्थल पर जाकर निर्धारित प्रारूप फॉर्म-6 भरकर जमा किया जा सकता है अथवा भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त ऐसे पात्र युवा नागरिक, जो आगामी अर्हता तिथियों 01 अप्रैल, 01 जुलाई एवं 01 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उनसे भी इस अवधि में आवेदन प्राप्त किए जाएंगे, ताकि पात्र युवाओं का नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जनपद में स्थित समस्त राजनैतिक दलों से भी अपील की गई है कि वे अपने-अपने दल के नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से निर्वाचक नामावली में अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं के नाम सम्मिलित कराने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करें।















