कानपुर देहात। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। इस दौरान पुलिस गार्द ने शोक सलामी दी और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों के बलिदान को याद किया।
पुलिस अधीक्षक ने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि पुलिस स्मृति दिवस उन वीर जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।
उन्होंने कहा कि शहीद पुलिसकर्मियों का त्याग और समर्पण पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके पराक्रम और बलिदान से उत्तर प्रदेश पुलिस का हर सदस्य गौरवान्वित है। उनकी कर्तव्यनिष्ठा पुलिसकर्मियों को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा देती रहेगी।









