राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने किया भूमि पूजन, 25 हजार लोगो को मिलेगा लाभ
कानपुर देहात। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र के लम्हरा और बुझवा समेत आसपास के गांवों के लोगों के लिए बड़ी सौगात लेकर आया। रिन्द नदी पर सेतु निर्माण की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ गई है। ग्राम लम्हरा स्थित मां परहुल देवी मंदिर के पास उत्तर प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन किया। करीब 14.07 करोड़ रुपये की लागत से सेतु, पहुंचमार्ग, अतिरिक्त पहुंचमार्ग और सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे। इससे करीब 25 हजार लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है। रिन्द नदी पर सेतु न होने के कारण आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए आने-जाने और ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं सहित रोजमर्रा के जरूरी कार्यों के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। बरसात के दिनों में यह समस्या और गंभीर हो जाती थी। सेतु बनने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा। परियोजना से लम्हरा साइड के करही, कलवारी, भंवरपुर, बनीपारा जोहर, लम्हरा, बनीपारा डगराहा, जनजुडु़या, हंसपुर और अंबरपुर समेत भुजवा साइड के देविपुर, भुजवा सरा, काशीपुर, नरसूजा, साहसी, महतवाबाद, कादरी, भैवन और अपुन आदि गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। भूमि पूजन से पहले राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला और पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी ने मां परहुल देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने कन्याओं को फल वितरित कर उनका आशीर्वाद लिया। धार्मिक आस्था और विकास कार्य का यह संगम ग्रामीणों के लिए विशेष अवसर रहा। राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकता है। रिन्द नदी पर सेतु निर्माण से वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी और हजारों लोगों का जीवन पहले से सुगम बनेगा। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सेतु निर्माण से आवागमन आसान होने के साथ कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों के लिए यह परियोजना महज पुल नहीं, बल्कि वर्षों की परेशानी से मुक्ति और बेहतर भविष्य की उम्मीद है। निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार निर्माण कार्य अक्टूबर 2026 में शुरू होकर मार्च 2028 तक पूरा किए जाने का प्रस्ताव है। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, चैयरमैन रामजी गुप्ता, मण्डल अध्यक्ष रविन्द्र अवस्थी, संजय द्विवेदी, शिवा पांडेय, बृजेंद्र द्विवेदी, तिलक नायक, कप्तान नायक, अंशुल बाजपेई, प्रमोद शुक्ला, दीपक गुप्ता, मंजुल शुक्ला, रामगोपाल द्विवेदी, पंडित नारायण मिश्रा, शिवशंकर अवस्थी, रामसेवक पाल, रामसजीवन पाल, बिनय नायक, राहुल नायक, कुंदन नायक, अंशु पाल, रामसनेही पाल, लाला पाल, राम सिंह पाल, आशीष शुक्ला, रिंकू मिश्रा, शुभम शुक्ला आदि।












