जालौन। जिलाधिकारी के कुशल निर्देश एवं मार्गदर्शन में व विभागीय उच्चाधिकारियों के आदेश के अनुपालन में राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा परमिट शर्तों का उल्लंघन, माल ढ़ोने वाले, क्षमता से अधिक सवारियां ढ़ोने वाले वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) द्वारा बड़ी कार्यवाही करते हुए परमिट शर्तों के उल्लंघन तथा मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत 04 स्लीपर बसों (राज कल्पना, सहारा, पीताम्बरा, न्यू कोठारी) के विरुद्ध चालान/निरुद्ध की गयी तथा उपरोक्त स्लीपर बसों को पुलिस अभिरक्षा में संकट मोचन मण्डी चौकी, थाना आटा में खड़ा कराया गया।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। बसों में सवार सभी यात्रियों को त्वरित व्यवस्था करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) की बसों के माध्यम से सुरिक्षित एवं सकुशल उनके गन्तव्य के लिए रवाना किया गया।
जिलाधिकारी एवं विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में अवैध परिवहन, माल ढ़ोने वाले, क्षमता से अधिक सवारियां ढ़ोने वाले एवं परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध यह प्रवर्तन कार्यवाही निरन्तर जारी रहेगी। नियम विरुद्ध वाहन संचालित पाये जाने पर आगे भी इसी प्रकार की कठोर कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।













