डीएम की अपील हर मतदाता सूची में जांचे अपना नाम, नाम नहीं मिलने पर भरें फॉर्म-6; सभी बूथों पर बीएलओ तैनात
जालौन। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए नागरिकों को एक और अवसर देने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी समीर ने शनिवार को कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय पटेल नगर, टाउन हॉल तथा राजकीय इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बूथ संख्या 399, 400, 352 और 353 सहित विभिन्न बूथों पर मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया के बाद मतदाताओं की संख्या में बूथवार और विधानसभा क्षेत्रवार परिवर्तन हुआ है। ऐसे मतदाता, जिन्हें लगता है कि किसी उचित कारण के बिना एसआईआर प्रक्रिया के दौरान उनका नाम मतदाता सूची से छूट गया है, वे इस अवसर का लाभ उठाएं। संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपनी पहचान प्रमाणित करते हुए फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित हैं और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी भी उनसे लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। सभी बूथों पर फॉर्म-6 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे मतदाताओं को आवेदन करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। विशेष अभियान के तहत नागरिक मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में जांच रहे हैं और नाम नहीं होने पर उसे जुड़वाने के लिए आवेदन कर रहे हैं।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर आवेदन करें। उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को विशेष अभियान के लिए शाम चार बजे तक का समय उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 24 अक्टूबर को भी विशेष अभियान के तहत यह अवसर मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी के लिए आवश्यक है। इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते अपना नाम जांचें और आवश्यक होने पर नाम शामिल कराने की कार्रवाई पूरी करें।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी उत्तम तिवारी व सम्बंधित बीएलओ मौजूद रहे।













