कानपुर देहात। अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र में जनसमस्याओं के समाधान और ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक प्रतिभा शुक्ला ने रुरा मंडल के पांच गांवों का दौरा किया। ‘आपकी सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत वह ग्राम पुर, बरौला, भिखनापुर, हसनापुर और मल्हानपुरवा पहुंचीं। यहां उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी निजी एवं सार्वजनिक समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समस्याओं के समाधान को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी कपिल सिंह और एसडीएम अकबरपुर राजकुमार पांडेय से फोन पर वार्ता भी की। कार्यक्रम के दौरान गांवों में बड़ी संख्या में महिलाओं की मौजूदगी रही। महिलाओं ने राज्यमंत्री के सामने अपनी समस्याएं रखीं और कहा कि प्रतिभा शुक्ला स्वयं महिला हैं, इसलिए उनके सामने अपनी बात रखने में झिझक महसूस नहीं होती। वे सहजता से अपनी परेशानियां बता सकती हैं। महिलाओं की इस प्रतिक्रिया को कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद की अहम कड़ी के रूप में देखा गया। राज्यमंत्री ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंदों तक लाभ पहुंचाने के साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर रोजगार के अवसर अपनाने की अपील की। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़कर महिलाएं अपनी आय बढ़ा सकती हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता से परिवार और समाज, दोनों का विकास संभव है। राज्यमंत्री ने कहा कि अकबरपुर-रनिया विधानसभा क्षेत्र विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। क्षेत्र में आवागमन को सुगम बनाने के लिए रनिया-मैथा-शिवली मार्ग, अकबरपुर-रुरा-शिवली मार्ग, रायपुर-गजनेर मार्ग और रनिया-पामा-सरवनखेड़ा मार्ग सहित कई प्रमुख सड़कों के निर्माण पर काम हुआ है। इन मार्गों के तैयार होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल रही है। उन्होंने बताया कि रनिया को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने और रुरा नगर पंचायत को आदर्श नगर पंचायत का दर्जा दिलाने की दिशा में भी प्रयास किए गए हैं। परहुल माता मंदिर के सुंदरीकरण के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। वहीं, लम्हारा के पास रिंद नदी पर पुल निर्माण की विशेष मांग को भी सरकार ने मंजूरी दी है। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि रुरा और रनिया नगर पंचायतों में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए दोनों स्थानों पर दो-दो करोड़ रुपये स्वीकृत कराए गए हैं। इन कार्यों का उद्देश्य स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान करना है। ‘आपकी सेवक आपके द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से राज्यमंत्री ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं रखीं और क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष रवींद्र अवस्थी, सुभाष संखवार, शिवा पांडेय, शुभम शुक्ला, बबली तिवारी, सुरेंद्र गौतम, देवेंद्र पांडेय, महेश तिवारी, छोटेलाल संखवार, मुन्नालाल संखवार, सुरेश कठेरिया, रवि गोस्वामी, अंकित कुशवाहा, कंचन गौतम, मोहन लाल संखवार, नितिन गौतम, विनीत त्रिवेदी, अमित पांडेय, अनुराग पांडेय, रामबाबू कठेरिया, रामु कमल, आलोक यादव, राकेश पाल, रामसजीवन पाल, सुधीर कमल, सत्यम तिवारी, शेरा पाल, राहुल गौतम, हरिराम बाजपेई, जगवीर सिंह भदौरिया, बनवारी लाल भदौरिया, रमेश तिवारी, विकास गुप्ता, अंकित कुमार, मोहित कुमार, सरिता भदौरिया, अंशुल और शैलेश दीक्षित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












