विलंब होने पर बीज प्राप्त न कर पाने की जिम्मेदारी संबंधित कृषक की होगी: जिला उद्यान अधिकारी
कानपुर देहात। जिला उद्यान अधिकारी, कानपुर देहात डॉ. बल्देव प्रसाद ने समस्त कृषक बंधुओं को सूचित किया है कि संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना, मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना एवं अनुसूचित जाति/जनजाति (राज्य सेक्टर) योजनांतर्गत मसाला क्षेत्र विस्तार एवं शाकभाजी कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं में बीज वितरण हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रमों के अंतर्गत लहसुन बीज, टमाटर, पातगोभी, लौकी, तरोई आदि फसलों के बीज प्राप्त करने हेतु ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले कृषक तीन दिवस के अंदर उद्यान कार्यालय पहुंचकर संबंधित फील्ड स्टाफ के माध्यम से अपने बीज प्राप्त कर लें।
जिला उद्यान अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर बीज प्राप्त न करने तथा विलंब से कार्यालय पहुंचने के कारण बीज उपलब्ध न हो पाने की स्थिति में संबंधित कृषक स्वयं उत्तरदायी होंगे। अतः सभी पंजीकृत कृषकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में उद्यान कार्यालय पहुंचकर बीज प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
योजना एवं बीज वितरण से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए कृषक किसी भी कार्यदिवस में मोबाइल नंबर 7652024326 एवं 6392626116 पर संपर्क कर सकते हैं।












