कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का शासन की मंशा के अनुरूप समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व, भूमि विवाद, विकास कार्य, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, विद्युत, पेयजल, सड़क, पुलिस तथा अन्य जनहित से जुड़े प्रकरण शामिल रहे। जिलाधिकारी ने शिकायतों का विभागवार संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।












