जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

 

मिलावटी खाद्य पदार्थों एवं नकली/अमानक दवाओं की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के निर्देश

खाद्य पदार्थों के नमूना संग्रहण में बढ़ोत्तरी तथा मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण करने पर जोर

कानपुर देहात। जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार की उपस्थिति में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के कार्यों की समीक्षा हेतु जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा सलाहकार समिति की बैठक मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष कलेक्ट्रेट आयोजित की गई। बैठक में जनपद में मिलावटी खाद्य पदार्थों के विक्रय एवं नकली/अमानक दवाओं की रोकथाम के साथ-साथ आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री तथा दवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में संचालित कैंटीन से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने न्याय निर्णायक अधिकारी एवं न्यायालय में लंबित वादों का प्रभावी पैरवी करते हुए अधिक से अधिक प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। साथ ही आगामी पर्वों एवं त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए नियमित रूप से नमूना संग्रहण एवं जांच की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित बड़े प्रतिष्ठानों, निर्माण इकाइयों तथा मीट विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की हेल्पलाइन संख्या 18001805533 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा, ताकि आमजन खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा अनियमितताओं के संबंध में अपनी शिकायत दर्ज करा सकें।
उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों के नमूने नियमित रूप से एकत्रित करते हुए नमूना संग्रहण की संख्या में वृद्धि की जाए तथा सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पंजीकरण एवं लाइसेंस की अनिवार्य व्यवस्था से शत-प्रतिशत आच्छादित किया जाए। जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्री के विक्रय एवं निर्माण पर प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
औषधि प्रशासन के संबंध में जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को संचालित मेडिकल स्टोरों का सघन निरीक्षण करने तथा नकली एवं अमानक दवाओं की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन से संबंधित सभी अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए नियमित निरीक्षण, नमूना संग्रहण एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 जय गोविंद, बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा औषधि निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें